नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरी जिले के सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे गए कुल 5,51,500 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल देशी पिस्टल और चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि 27 मार्च को बावाना स्थित एक मोजा फैक्ट्री में काम करने वाले कलेक्शन कर्मचारी अभिषेक प्रजापति ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 26 मार्च को उसने पहले शास्त्री नगर स्थित वर्मा होजरी से 65 हजार रुपये और फिर चांदनी चौक के कुचा घासी राम से 10 लाख रुपये कलेक्ट किए थे। वह पूरी रकम बैग में रखकर शास्त्री नगर जा रहा था, तभी शाम करीब 5:50 बजे शास्त्री नगर मेट्रो सबवे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि एक बदमाश ने उनके ऊपर पिस्टल तान दी, जबकि दूसरे ने बैग छीन लिया और दोनों फरार हो गए। पीड़ित ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह न तो बाइक का नंबर नोट कर सका और न ही उन्हें पकड़ पाया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 30 किलोमीटर के दायरे में लगे 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपित एक यामाहा एफजेड बाइक पर दिखाई दिए, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
पुलिस ने आरोपितों के भागने के रूट को ट्रेस करते हुए कश्मीरी गेट, शास्त्री पार्क, खजूरी खास, करावल नगर होते हुए गाजियाबाद के अंकुर विहार तक उनकी लोकेशन चिन्हित की। स्थानीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अंकुर विहार इलाके से देव मैग्गो (24) और रोहित शर्मा (34) को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने देव के कब्जे से 3,14,000 रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की, जबकि रोहित के पास से 2,37,500 रुपये और देशी पिस्टल बरामद हुई। जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल बाइक पहले से ही भजनपुरा इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित नशे के आदी हैं और कर्ज में डूबे होने के कारण उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
