राजगढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को अस्पताल प्रशासन की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, उपचार सेवाओं तथा अस्पतालों के प्रशासनिक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि रैन बसेरा की व्यवस्था को अप्रैल माह के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए,ताकि मरीजों और उनके परिजनों को ठहरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।इसके साथ ही सीएमएचओ कार्यालय के सामने सीसी रोड निर्माण कार्य को भी तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने बताया कि अप्रैल माह में चार नए ऑपरेशन थियेटर शुरू किए जाएंगे, जिससे गंभीर और अन्य मरीजों को बेहतर एवं त्वरित उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी। अस्पतालों की टेलीफोन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी एवं निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्रिटिकल मरीजों के लिए त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम को प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अंत में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए सतत निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में सीएमएचओ, सिविल सर्जन, पीयूसी एवं मेडिकल कॉलेज के अधिकारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
