
विद्या भारती से निकले युवा पूरे विश्व में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे : न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह

प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। प्रो0 राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित ज्वाला देवी स0वि0इ0का0 में शुक्रवार को विद्यालय का वार्षिक परीक्षाफल वितरण सायंकाल 4 बजे विद्यालय में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मध्य सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज इस परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम में पुरस्कार प्राप्त छात्र-छात्राओं को देखकर यह विचार आता है कि पुरस्कार किसी व्यक्ति के जीवन में उत्साह एवं गति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता का मंत्र केवल परिश्रम है और पुरस्कार उस पर लगी विश्वास की मुहर होती है।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यदि इसका प्रारम्भ छात्र जीवन से ही हो जाये तो निश्चित रुप से उन्हें नित नये कीर्तिमान स्थापित करने से कोई रोक नहीं सकता। इसके लिए सम्बन्धित संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संगम नगरी के लिए यह गर्व का विषय है कि विद्या भारती द्वारा संचालित ज्वाला देवी स0वि0म0 इण्टर काॅलेज सिविल लाइन्स निरन्तर ऐसी प्रतिभाओं को तराश रहा है जो अपने भावी जीवन में भारत माता के यश में श्रीवृद्धि करेंगे और समाज को सच्ची दिशा प्रदान करने में अपना अभूतपूर्व योगदान प्रदान करेंगे।
अपने अध्यक्षीय आशीर्वचन में न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह ने कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों से निकले युवा आज भारत मेें ही नहीं पूरे विश्व में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहें हैं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलायें गये मेेक इन इंडिया कांसेप्ट के माध्यम से पूरे देश की दिशा एवं दशा परिवर्तित करने में अपनी भूमिका निभाकर एक नये भारत का निर्माण कर रहें है।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता है सफलता सदैव कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन एवं देश हित में काम करने की भावना से ही मिलती है। मुझे गर्व है कि विद्या भारती ऐसे कर्मठ नवयुवकों को तैयार करने वाली खान के रुप में जानी जाती है। अन्त में विद्यालय के प्रबन्धक डॉ आनन्द श्रीवास्तव ने आये अतिथियों, अभिभावकों एवं सभी लोगों का विद्यालय की ओर से आभार ज्ञापन किया।
इसके पहले विद्यालय के पूर्व प्रधानचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने कार्यक्रम की प्रस्ताविकी रखते हुये कहा कि आज ज्वाला देवी शिक्षा के क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान है जो विद्यार्थियों के जीवन को तराशने का कार्य करता है। इसके पश्चात् हस्तलिखित पत्रिका हिन्दी, हस्तलिखित पत्रिका अंग्रेजी एवं नई दिशा पत्रिका का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया।
विद्यालय का वार्षिक परीक्षाफल विद्यालय के वर्तमान प्रधानाचार्य डॉ0 राकेश सिंह ने प्रस्तुत किया। सत्र 2025-26 के शैक्षणिक एवं विविध गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया बहनों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर संजय गुप्ता, शुभेन्दु, विजय उपाध्याय, जगदीश सिंह, कमलाकर, इन्द्रजीत त्रिपाठी, युगल किशोर मिश्र, श्रीमती मीरा पाठक, सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव, सुरेश चन्द्र त्रिपाठी, हरिओम त्रिपाठी, च्यवन भार्गव एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, अभिभावक बन्धु भगिनी, गणमान्य नागरिक, समस्त आचार्य एवं छात्रगण उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के आचार्य सन्तोष पाण्डेय और संजय राय के मार्गदर्शन में बहन अंशिका पाण्डेय, श्रेया पाण्डेय, आयुषी, मीनाक्षी तथा भैया भाव्यांश द्वारा क्रमशः हिन्दी व अंग्रेजी में किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
