रांची, 03 अप्रैल (हि.स.)। धुर्वा क्रिकेट अकादमी की ओर से डीसीए प्रीमियर लीग के तहत विगत एक अप्रैल 2026 बुधवार को खेले गए दो मुकाबलों में साईं धुर्वा और रॉकमेंस की टीमों ने शुक्रवार को रांची में शानदार जीत दर्ज की है।

दोनों मैचों में खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। पहले मुकाबले में रेलवे यूथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन बनाए। मानव कुमार ने 58 रनों की अहम पारी खेली। जवाब में साईं धुर्वा की टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 163 रन बनाकर मैच जीत लिया। अरमान कुमार शर्मा ने 44 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। रेलवे की ओर से सत्यम तिवारी ने दो विकेट लिया।
वहीं दूसरे मुकाबले में रॉकमेंस की घातक गेंदबाजी के सामने हाटिया क्रिकेट अकादमी की टीम 13.4 ओवर में 62 रन पर सिमट गई। आकाश सिंह ने चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉकमेंस ने 9.2 ओवर में तीन विकेट पर 66 रन बनाकर आसान जीत हासिल की। श्रेयस ने 38 रन बनाए, जबकि वर्नीत शाहदेव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस दौरान बडी संख्या में लोगों का हुजूम दिखा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
