वाराणसी, 04 अप्रैल (हि. स.)। वाराणसी में शनिवार को भगवती मानव कल्याण संगठन की ओर से काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर लोगों ने नशामुक्त काशी- खुशहाल काशी के संदेश के साथ नशामुक्त सद्भावना जनजागरण पदयात्रा निकाली। पदयात्रा में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए संदेश देने वाली तख्तियों और लाल झंडों के साथ लोगों ने नशा न बेचने, नशा न करने, नशा करने से रोकने को लेकर संकल्प लिया।

संगठन की अध्यक्ष पूजा और महासचिव अजय ने कहा कि वाराणसी जो धर्म की नगरी है, यहां नशा मुक्ति के लिए कई आंदोलन हुए हैं लेकिन आज भी समाज पर नशे का दुष्परिणाम देखने में आता है। किसी भी हालत में इस नगरी को नशा बेचने वालों के हाथों में देने से रोकने के लिए समाज को खड़ा करना है। विशेष रूप से नौजवानों को नशा से दूर करने के लिए अच्छा प्रयास करना है। आज निकाली गई नशामुक्त सद्भावना जनजागरण पदयात्रा आने वाले समय के लिए एक मिशाल कायम करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
