कैथल, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत थाना तितरम पुलिस ने चोरी की बुलेट बाइक सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह बाइक बिना नंबर प्लेट के चलती पाई गई, जो जांच में चोरी की निकली।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले में नाकों पर सख्ती से चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में थाना तितरम पुलिस के एचसी नरेंद्र सिंह की टीम शाम के समय तितरम मोड़ पर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान प्योदा की ओर से आ रहे एक बुलेट बाइक चालक को रुकवाया गया। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। चालक से पूछताछ करने पर उसकी पहचान जिला जींद के गांव सुदकैन खुर्द निवासी मंजीत उर्फ काला के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह बाइक सितंबर 2024 में सोनीपत से चोरी हुई थी, जिसके संबंध में थाना सदर सोनीपत में मामला दर्ज है। इस पर थाना तितरम में चोरी की बाइक रखने के आरोप में केस दर्ज किया गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई कुलदीप ने आरोपी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक को सोनीपत से चोरी करना भी कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
