भोपाल, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में थाना तेजाजी नगर क्षेत्र में डायल-112 जवानों ने शुक्रवार को रात्रि गश्त के दौरान सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले एक व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया। इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित व्यक्ति को शीघ्र चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।

पुलिस मुख्यालय द्वारा शनिवार को जानकारी दी गई कि थाना तेजाजी नगर क्षेत्र अंतर्गत केलोद फाटा के पास रात्रि गश्त के दौरान डायल-112 एफआरव्ही स्टाफ को सड़क किनारे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उक्त जानकारी तत्काल राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को दी गई एवं आवश्यक सहायता हेतु कार्रवाई प्रारंभ की गई।
मौके पर मौजूद डायल-112 स्टाफ आरक्षक मोहन मालवीय, आरक्षक आशीष पालीवाल एवं पायलट मोहित जाट ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को बिना विलंब किए एफआरव्ही वाहन की सहायता से एम.वाय. अस्पताल, इंदौर पहुँचाया। डायल-112 जवानों की सतर्क एवं मानवीय कार्यवाही से घायल व्यक्ति को समय पर उपचार उपलब्ध हो सका।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
