मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद को दी 120.73 करोड़ के विकास कार्याे की सौगातफरीदाबाद, 04 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबका विश्वास और सबके विकास के लिए काम कर रही है। सरकार ने पिछले 11 सालों में फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में 1321 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए है और आगे भी विकास का यह सिलसिला जारी रहेगा।मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को सेक्टर-12 स्थित हुड्डा मैदान में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री ने शहर के समग्र विकास को नई गति देते हुए 120 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें रेस्ट हाउस के निर्माण पर 50 करोड़ 61 लाख रुपये, डिस्पेंसरी-सह-सीएमओ कार्यालय के निर्माण पर 41 करोड़ 70 लाख रुपये, विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य पर 25 करोड़ रुपये तथा ओल्ड फरीदाबाद में स्कूल भवन निर्माण पर 3 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रिमोट के माध्यम से जेसी बोस विश्वविद्यालय में पूर्व में आयोजित मेगा रोजगार मेले में चयनित लगभग 1331 युवाओं को इ-नियुक्ति पत्र जारी किया । उन्होंने कहा कि सरकार फरीदाबाद को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने स्वच्छता शुभंकर और स्वच्छता कॉमिक का अनावरण किया तथा नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस क्षेत्र में पिछले साढ़े 11 वर्षों में 44 सीएम घोषणाएं की गईं, जिनमें से 24 पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष पर तेजी से कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है। इसी का प्रमाण है कि संकल्प पत्र के 217 में से 60 वादे डेढ़ वर्ष में पूरे कर दिए गए हैं और बाकी पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को हरियाणा ‘विकसित हरियाणा’ के माध्यम से साकार कर रहा है। डबल इंजन सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को धरातल पर उतारा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार विकास और जनहित की बात करती है, तो विपक्ष के कुछ नेताओं को यह रास नहीं आता और वे केवल भ्रम फैलाने तथा झूठे वादों की राजनीति करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी में कमी कर जनता को राहत देने के निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी नेता वैश्विक परिस्थितियों के समय भी सस्ती राजनीति कर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रदेशवासियों के हितों की रक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है तथा प्रदेश के 4,032 पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराकर अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, फसलों की एमएसपी पर खरीद, फसल मुआवजा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत-चिरायु योजना, मुफ्त डायलिसिस तथा बिना पर्ची-खर्ची सरकारी नौकरियां जैसी योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 में भी किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और गरीबों के लिए अनेक बड़े निर्णय लिए गए हैं। इनमें हरियाणा एग्री डिस्कॉम, न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी, 3 लाख लखपति दीदी, 4 हजार नए राशन डिपो, अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण और मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत नए प्लॉट आवंटन जैसे निर्णय शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित फरीदाबाद केवल एक सपना नहीं, बल्कि एक व्यापक विजन है, जिसमें हर नागरिक को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और उच्च जीवन स्तर उपलब्ध होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि फरीदाबाद का विकास किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा और सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर
