– मौके से भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने पकड़ा

हमीरपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में यमुना और बेतवा पुल के मध्य रानी लक्ष्मीबाई तिराहे पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मां और बेटे को रौंद दिया। हादसे में बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि मां घायल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को पीछा कर दबोच लिया।
कानपुर नगर के सजेती थाना क्षेत्र स्थित बगरिया गांव निवासी विपिन सिंह यादव (18) रविवार को अपनी मां अंजना को लेकर बाइक से अपने दादा से मिलने सिमनौड़ी सुमेरपुर जा रहा था। जैसे ही दोनों हमीरपुर नगर के रानी लक्ष्मीबाई तिराहा के पेट्रोलपंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विपिन की मौके पर मौत और उसकी मां गंभीर रुप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा तो पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया है।
सदर कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक चालक बहरी सवाई सिवली कानपुर देहात निवासी श्याम बाबू पुत्र सोनीलाल को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई कराई जा रही है।—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
