बंगाईगांव (असम), 05 अप्रैल (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को अभयापुरी में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार के चुनाव में यह दिखाना होगा कि असमिया लोग भी वोट देना जानते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह मानते हैं कि केवल एक विशेष समुदाय ही संगठित तरीके से मतदान करता है, लेकिन इस बार अन्य लोग भी अपनी ताकत दिखाएंगे।

भाजपा उम्मीदवार भूपेन राय के समर्थन में आयोजित इस रैली में मुख्यमंत्री ने लोगों से निर्णायक मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के माध्यम से जनता को स्पष्ट संदेश देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अभयापुरी के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये खर्च करने का वादा किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘आत्मनिर्भर असम’ अभियान के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
सभा में भारी जनसमागम देखा गया। इस दौरान एक दिलचस्प क्षण भी सामने आया, जब एक युवक ने अपने सीने पर मुख्यमंत्री की तस्वीर बनाई थी। मुख्यमंत्री ने उससे बातचीत करते हुए उसके प्रति स्नेह व्यक्त किया और उसे भविष्य में अपने घर आने का निमंत्रण भी दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
