काठमांडू, 05 अप्रैल (हि.स.)। पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते आयात और पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए नेपाल सरकार ने पुरानी डीजल और पेट्रोल वाहनों को इलेक्ट्रिक (विद्युतीय) वाहनों में बदलने की अनुमति देने का नीतिगत निर्णय लिया है।

नेपाल सरकार के प्रवक्ता एवं शिक्षामंत्री सस्मित पोखरेल ने बताया कि मंत्रिपरिषद की रविवार को हुई बैठक ने इसके लिए आवश्यक कानूनी अड़चनों को दूर करने और उचित व्यवस्था बनाने के लिए संबंधित निकायों को निर्देश देने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि यह निर्णय पर्यावरण संरक्षण और ईंधन खपत कम करने के उद्देश्य से लिया गया है। वर्तमान में पुराने ईंधन चालित वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने के दौरान पंजीकरण, नवीकरण और तकनीकी मानकों से जुड़ी स्पष्ट कानूनी व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन मालिकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
प्रवक्ता पोखरेल ने कहा कि डीज़ल और पेट्रोल वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने के लिए आवश्यक कानूनी व्यवस्था की जाएगी। इससे एक ओर ईंधन पर निर्भरता कम होगी, तो दूसरी ओर नेपाल की नवीकरणीय ऊर्जा (बिजली) के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। सरकार के इस फैसले के बाद अब पुराने वाहनों को कबाड़ में फेंकने के बजाय कम लागत में उन्हें पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास
