पलवल, 05 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार रबी फसल खरीद सीजन के मद्देनजर किसानों की सुविधा और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी तरह सक्रिय है। हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने जिला में फसल खरीद प्रक्रिया का सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करने के लिए रविवार को जिला के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पलवल स्थित अनाज मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि फसल खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध होनी चाहिए। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी किसान को असुविधा नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए नोडल अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जिले में रबी फसल की खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और सतर्क है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में बारदाना, झारनों और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था करने सहित गेट पास व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अनाज मंडियों में एक्टिव रहकर कार्य करें और पूरी फसल खरीद प्रक्रिया की नियमित रूप से मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ, अतिरिक्त उपायुक्त डा. सुभिता ढाका, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, मार्केट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी, मार्केट कमेटी सचिव नवदीप सिंह, आढेत यूनियन के पदाधिकारी और किसान सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
