हाथरस, 05 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को सरकार रोजगार उपलब्ध कराए। अगर रोजगार नहीं दे पा रही है तो हर माह 10 हजार रुपये का बेरोजगारी भत्ता दे।

आम आदमी पार्टी (आआप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की रोजगार पदयात्रा रविवार को आगरा अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए सादाबाद पहुंची। यहां पर गुरसौटी समेत कई गांवों में आप नेताओं का स्वागत किया गया। पत्रकारों से बातचीत में सांसद संजय सिंह ने युवाओं की बेरोजगारी, संविदा कर्मियों के स्थायीकरण और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
संजय सिंह ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं के लिए रोजगार की मांग को बुलंद करना है। प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार हैं और नौकरी मांगने पर उन्हें लाठियां व मुकदमों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा हर माह 10 हजार का बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।
राज्यसभा सांसद ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मचारियों और शिक्षामित्रों की समस्याओं का भी जिक्र किया, जो लंबे समय से अपनी नौकरी स्थायी करने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने किसानों और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों की समस्याओं को भी पदयात्रा का एक महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। पत्रकारों के सवालों के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि सरकारें देश को मूल मुद्दों से भटकाने का काम कर रही है।
सरकार शिक्षा, अस्पताल, महंगाई, किसानों की फसल के दाम, गैस सिलेंडर तथा रोजगार जैसे बुनियादी सवालों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जाति-धर्म और हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज में नफरत फैलाकर वोट लेने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने बताया कि पदयात्रा का चौथा चरण आगरा से मथुरा तक निकाला जा रहा है। इस चरण का उद्देश्य युवाओं को रोजगार दिलाना और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाना है।————–
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
