रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला स्तरीय टीम ने ईरवा स्थित एक बिरयानी दुकान में छापेमारी की और वहां से एलपीजी सिलेंडर बरामद की।

ओरमांझी के प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में एक गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई के दौरान “दिल्ली दरबार” नामक बिरयानी दुकान से कुल नौ व्यवसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनका कुल वजन लगभग 19.02 किलोग्राम था, जिनमें एचपी और इंडेन के सिलेंडर शामिल हैं। जांच में पाया गया कि कुछ सिलेंडर सील थे, जबकि कुछ का उपयोग अवैध रिफिलिंग के लिए किया जा रहा था।
दुकान संचालक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि सिलेंडर एक बिचौलिए के माध्यम से कार से सप्लाई किए जाते थे। यह बिचौलिया अवैध रूप से सिलेंडरों की रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था और मुनाफे में हिस्सेदारी भी तय थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर ओरमांझी थाना क्षेत्र में आरोपित के घर पर भी छापेमारी की।
इस दौरान एक 19.02 किलोग्राम क्षमता का एचपी गैस सिलेंडर बरामद किया गया, जिसमें करीब 10 किलोग्राम गैस भरी हुई थी और उस पर रिफिलिंग नोजल लगा हुआ था। साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया, जिससे इस अवैध कारोबार के व्यवस्थित तरीके से संचालित होने की पुष्टि हुई। हालांकि मुख्य आरोपित छापेमारी के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां ‘आपूर्ति और वितरण विनियमन आदेश, 2000’(रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर-2000) और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं। इस संबंध में ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन लगातार ऐसी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर से जुड़ी अवैध गतिविधियां न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या नजदीकी थाने को सूचित करें।———-
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
