पानीपत, 05 अप्रैल (हि.स.)। पानीपता के इसराना क्षेत्र में हुई अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। एक मामले में एनसी मेडिकल कॉलेज के एक तकनीकी कर्मचारी का शव उसके कमरे में मिला, जबकि दूसरे मामले में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पहली घटना एन.सी. मेडिकल कॉलेज में तकनीकी कर्मचारी के पद पर कार्यरत सचिन शनिवार शाम को नाइट ड्यूटी पर आया और रात में अपने कमरे में जाकर कमरा अंदर से बंद कर लिया था।
रविवार सुबह जब अन्य कर्मचारियों ने देखा कि कमरा अंदर से बंद है और आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर सचिन का शव बिस्तर के नीचे पड़ा मिला। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव बांध निवासी 29 वर्षीय सचिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके चार साल की एक बेटी और ढाई साल का एक बेटा है। पुलिस ने सचिन के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
दूसरी घटना में, गांव मांडी निवासी एक 21 वर्षीय युवक सन्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में अज्ञात कारणों के चलते रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सन्नी को झारखंड से डाकखाने में नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला था, लेकिन वह नौकरी जॉइन नहीं कर पाया था। जिस कारण वह मानसिक रूप से तनाव में रहने लगा था। परिजनों ने उसे एनसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव को सिविल अस्पताल पानीपत भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए सन्नी का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
