जम्मू, 05 अप्रैल(हि.स.)। रविवार को रियासी, पुंछ और जम्मू जिलों में प्रतिबंधित पदार्थों के साथ छह कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर रियासी के कटरा शहर के पास पुराना दारूर बाजार में नशीली दवाओं की कथित बिक्री दिखाने वाले कई वीडियो प्रसारित होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा और उनके पास से प्रतिबंधित गोलियों की एक खेप बरामद की।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान रशपाल सिंह, उत्तम सिंह, सोहल लाल – सभी कटरा के निवासी – और कांजली के जोगिंदर सिंह के रूप में की और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। अधिकारी ने बताया कि इफ्तिखार हुसैन को पुंछ के मंडी इलाके में चेकिंग के दौरान 8.80 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया जबकि एक अन्य ड्रग तस्कर, छत्तीसगढ़ के उत्तरा कुमार सूर्यवंशी को जम्मू के गजनसू इलाके में कारलूप पुल से एक किलोग्राम गांजा बरामद होने के बाद हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता
