हरिद्वार, 05 अप्रैल (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में संचालित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम ‘हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को देश के लगभग 350 जिलों के साथ हरिद्वार में भी ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों व शहीद स्थलों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

हरिद्वार जिले में अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल ज्वालापुर, वटवृक्ष सुनहरा, स्वतंत्रता सेनानी स्तंभ भगवानपुर, लक्सर, रुड़की, बहादराबाद तथा हरिद्वार में कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर में संपन्न हुआ, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि “जिस देश के निवासी स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को भूल जाते हैं, उस देश में नए शूरवीर पैदा नहीं हो सकते।” उन्होंने बताया कि देशवासियों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से यह अभियान 40 महीने पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मस्थान कटक से शुरू किया गया था।उन्होंने कहा कि देश के 23 प्रांतों में प्रांतीय और राष्ट्रीय सम्मेलनों के माध्यम से अभियान को गति दी जा रही है।
रघुवंशी ने बताया कि इसी क्रम में 13 अप्रैल को हरिद्वार में स्वतंत्रता सेनानी शहीद सम्मान यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के सभागार में स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में 102 वर्षीय नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सहयोगी रहे ले. आर. माधवन, 116 वर्षीय स्वामी लेखराज, शतायु आनंद सिंह बिष्ट और स्थानीय स्वतंत्रता सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आयुष मंत्री मदन कौशिक, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक आदेश चौहान तथा आचार्य बालकृष्ण के भी शामिल होने की सहमति दी गई है।
कार्यक्रम में डा. वेद प्रकाश आर्य, देशबंधु, अर्जुन सिंह राणा, सुरेश चन्द्र सुयाल, पार्षद हरविंद्र सिंह, सूनृता विद्यालंकार, आशा रघुवंशी, पद्मा देवी आर्य, डॉ. शालिनी, आयुष त्यागी, अशोक दिवाकर, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, अरुण पाठक, डॉ. संजय कुमार चौबे, वीरेन्द्र गहलोत, कैलाश चन्द्र वैष्णव, नरेंद्र कुमार वर्मा, प्रमेश चौधरी, अरविंद कौशिक, सुरेंद्र लाल छाबड़ा, कमल छाबड़ा, रमेश चंद गुप्ता, तरुण कुमार वर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
