धौलपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। शहर के जगन भवन परिसर में रविवार को भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में राजाखेडा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहीं नीरजा अशोक शर्मा ने बढता राजाखेडा-भाजपा के साथ पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने बीते दो साल में राजाखेडा में हुए विकास कार्याें की ब्यौरा दिया। भाजपा नेत्री ने वर्तमान विधायक, कांग्रेस शासनकाल और पूर्व जन प्रतिनिधियों पर राजाखेडा की उपेक्षा के आरोप लगाते हुए तीखा राजनीतिक हमला भी बोला।

इस दौरान मीडिया से वार्ता करते नीरजा शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भजनलाल शर्मा सरकार ने राजाखेडा विधानसभा क्षेत्र में आने वाले मनियां कसबे को नगर पालिका का दर्जा दिया है। इससे अधिक बजट आवंटित होगा तथा मूलभूत सुविधाओं की बढोतरी के साथ-साथ विसास कार्याें में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि राजाखेडा के लोक आस्था के केन्द्र माता लाठ वाली एवं रेहना वाली माता क्षेत्र के विकास के लिए बजट स्वीकृत कराया गया है। मनियां से मरैना तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना को स्वीकृति मिली है तथा राजाखेड़ा के जारह और अंबिका फीडर का निर्माण कार्य जारी है। प्रदेश सरकार ने राजाखेड़ा में कृषि उपज मंडी देकर बड़ी सौगात दी है। अब यहां का किसान उन्नत व खुशहाल हो सकेगा और अपनी फसल के निर्यात के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के पूर्व कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा शुरू की गई चंबल लिफ्ट परियोजना कांग्रेस शासनकाल में लगभग ठप हो गई थी। लेकिन भाजपा सरकार के पुनः सत्ता में आने के बाद इस महत्वाकांक्षी योजना को फिर गति दी गई। उन्होंने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
देश की वर्तमान परिस्थितियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि युद्व के वैश्विक हालातों के बावजूद आज भारत में सुख-शांति है। मध्य पूर्व समेत कई देशों में उर्जा संकट है,लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में भारत में गैस एवं पेट्रेालियम का आवश्यक भंडार एवं उपलब्धता है और जनता बेफिक्र है। मजबूत नेतृत्व में सुरक्षित और विकासशील राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है तथा देश सुखी और खुशहाल दिशा में अग्रसर है। सम्मेलन में पूर्व उप जिला प्रमुख केदार पाेसवाल,समाजसेवी दिलीप पाराशर एवं लटूर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी माैजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप
