हाथरस, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में मथुरा रोड पर रविवार शाम सड़क हादसे में रेलवे सुरक्षा बल के सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर खजान सिंह की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस घायल काे अस्पताल ले गयी, जहां डाक्टराें ने मृत घाेषित कर दिया।

मृतक की पहचान 86 वर्षीय खजान सिंह पुत्र चौधरी शेर सिंह के रूप में हुई है, जो गंगानगर, सादाबाद के निवासी थे और मूल रूप से मथुरा के ग्राम रदोई के रहने वाले थे। खजान सिंह रविवार को अपने पैतृक गांव से सादाबाद स्थित अपने आवास लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे सादाबाद-मथुरा मार्ग पर डीसी पब्लिक स्कूल के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और खजान सिंह सड़क पर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
