जोधपुर, 05 अपै्रल (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 95 डेबिट कार्ड, 30 सिम कार्ड, 11 मोबाइल फोन, डाक पार्सल से प्राप्त अलग-अलग नाम के 9 लिफाफे तथा विभिन्न बैंकों की 18 पासबुक बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं भारतीय साइबर क्राइम समन्वय केंद्र, गृह मंत्रालय, दिल्ली के निर्देश पर पुलिस आयुक्त शरत कविराज, पुलिस उपायुक्त शाहीन सी तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त धन्ना राम के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त पदमदान चारण के सुपरविजन में निरीक्षक सुरेश सारण के नेतृत्व में टीम गठित की गई।टीम द्वारा शहर के विभिन्न एटीएम पर नकदी निकासी करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान धनराज, भजनलाल और अक्षय संदिग्ध रूप से एटीएम से पैसे निकालते पाए गए। पूछताछ के दौरान तीनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।गहन पूछताछ में आरोपियों ने अपने कमरे (पांचवी रोड) पर और डेबिट कार्ड होने की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां से बड़ी संख्या में डेबिट कार्ड, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल फोन और पार्सल लिफाफे बरामद किए गए।जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से बैंक खाते खरीदते थे और उन्हें अलग-अलग नाम से पार्सल के जरिए मंगवाते थे। इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त राशि आते ही 30 से 60 मिनट के भीतर एटीएम से नकदी निकाल ली जाती थी, ताकि शिकायत दर्ज होने से पहले खाते खाली हो जाएं। इसके अलावा आरोपी ठगी की राशि को यूएसडीटी या अन्य वर्चुअल करेंसी में बदलकर मोटा मुनाफा कमाते थे। साइबर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। अग्रिम जांच की जा रही है। पुलिस ने भजनलाल पुत्र श्रीराम, निवासी अर्जुन सागर नांदड़ा कला, एयरपोर्ट, अक्षय राजपुरोहित पुत्र पूर्ण सिंह निवासी तिंवरी मथानिया हाल चाणक्य नगर, लाल सागर, मण्डोर रोड एवं धनराज पुत्र भागीरथ, निवासी सीवरों की ढाणी, सरनाडा, कांकेलाव, डांगियावास को गिरफ्तार किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
