जोधपुर, 05 अपै्रल (हि.स.)। शहर के मसूरिया क्षेत्र में रहने वाला व्यक्ति अपनी वेल्डिंग मशीन एक ऑटो में भूल गया। रोडवेज बस स्टेण्ड पर उसे पता लगा। बाद में पुलिस तक सूचना दी गई, इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और ऑटो को टे्रस कर चालक का पता लगाया। वेल्डिंग मशीन उसके मालिक को सौंप दी गई। इस पर उसने पुलिस का आभार जताया।

शहर में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसी सतर्कता के चलते अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टैक्सी में छूटी वेल्डिंग मशीन को बरामद कर परिवादी को सौंप दिया। पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशन में तथा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं यातायात) शहीन सी के सुपरविजन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रभारी अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर नरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दरअसल मसूरिया कॉलोनी निवासी आशु पुत्र विक्रम ने सूचना दी कि वह रेलवे स्टेशन से टैक्सी लेकर रोडवेज बस स्टैंड पहुंचा, जहां उतरते समय वह अपनी वेल्डिंग मशीन (लगभग 7000 रुपये मूल्य) टैक्सी में ही भूल गया। सूचना मिलते ही अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। परिवादी ने कार्यालय में रीडर अर्जुनराम (एएसआई) से संपर्क कर घटना की जानकारी दी, जिस पर प्रभारी राजेंद्र सिंह (पुलिस निरीक्षक) को अवगत कराया गया।
हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से संबंधित टैक्सी को ट्रेस करने का प्रयास किया। प्रारंभ में अंधेरा होने के कारण वाहन का पंजीयन नंबर स्पष्ट नहीं हो सका, लेकिन रेलवे स्टेशन क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग के समय संदिग्ध टैक्सी की पहचान कर ली गई। इस पर तुरंत ट्रैफिक कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जहां तैनात यातायात पुलिसकर्मियों ने टैक्सी को रुकवाया। चालक से पूछताछ में वेल्डिंग मशीन बरामद हुई। पीडि़त ने इसके लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
