उज्जैन, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में माधवनगर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए करोड़ों के अवैध लेन-देन का खुलासा करते हुए खाताधारक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में खाते को किराए पर लेकर उसके माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग और लॉटरी के नाम पर ठगी की रकम का ट्रांजेक्शन किया जा रहा था। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

माधवनगर थाना पुलिस ने रविवार को बताया ऑपरेशन मेट्रिक्स के तहत संदिग्ध लेन देन को लेकर नजर रखी जा रही है वहीं मुहिम चलाकर पकड़ा जा रहा है। इसी के तहत जानकारी मिली कि महानंदा नगर निवासी छायेश पिता सुरेश सेन 35 वर्ष का भारतीय स्टेट बैंक की एसबीआई ब्रांच फ्रीगंज में महाकाल इवेंट मैनेजमेंट एंड वीडियो फोटोग्राफी फर्म के नाम से एक खाता है। उक्त बैंक खाते का उपयोग म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग किया जा रहा है। बैंक द्वारा संदिग्ध गतिविधियों के चलते खाते को फ्रीज कर दिया। साथ ही पुलिस को भी शिकायत की गई। मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने लगातार जांच की। जिसमें सामने आया की उक्त बैंक खाते में ठगी की रकम जमा और निकाली जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच खाते में कुल 67 लाख 64 हजार 700 रुपए जमा हुए थे। जिनमें से 55 लाख 82 हजार 878 रुपए निकाल लिए गए थे। बैंक खाते में असामान्य और संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आने के बाद यह तय था कि इसके माध्यम से ऑनलाइन ठगी की वारदात हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राकेश भारती और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद 5 अप्रैल 2026 को आरोपी छायेश सेन को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उक्त बैंक खाता छायेश का ही है। जिसके माध्यम से लाखों रुपए का लेन-देन हुआ है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायालय ने 2 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी को भेजा है।
पहचान छिपाकर कर रहे थे ठगीपुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि छायेश ने अपने खाते की चेक बुक और एटीएम कार्ड दानु उर्फ अरमान और राहुल कुमार मालवीय को दे दिए थे। इन लोगों द्वारा खाते का उपयोग ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी लॉटरी के नाम पर ठगी की रकम को ट्रांसफर और निकालने में किया जा रहा था। इस तरीके से वास्तविक अपराधी अपनी पहचान छिपाकर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे थे। पुलिस टीम दोनों को गिर तार करने का प्रयास कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल
