आगरा, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 6 अप्रैल सोमवार को अपना 47वां स्थापना दिवस मनाएगी। पार्टी के प्रांतीय आह्वान पर मुख्य कार्यक्रम पार्टी की बृज क्षेत्र कार्यालय आगरा पर आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां रविवार शाम को पूरी कर ली गई है।

पार्टी के मीडिया प्रभारी रोहित कात्याल ने बताया कि भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी नेतृत्व के आह्वान पर 6, 7 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों, महानगरों के हजारों कार्यकर्ता पार्टी के क्षेत्रीय, जिला महानगर एवं अन्य स्थानीय कार्यालयों में एकत्रित होंगे और स्थापना दिवस को जोश एवं उत्साह से मनाएंगे। यह कार्यक्रम पार्टी के संगठनात्मक स्तर पर सभी मंडल, बूथ स्तर तक मनाया जाएगा।
भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर पार्टी के बृज क्षेत्र कार्यालय जयपुर हाउस आगरा पर भव्य उत्सव, ध्वजारोहण, मिष्ठान वितरण ढोल नगाड़ों पर नृत्य, आतिशबाजी के साथ आयोजित किया जायगा। कार्यकर्ता अपने अपने घरों, सभी बूथों पर ध्वज लहराकर स्थापना दिवस को एक उत्सव के रूप में पूरे जोश से मनाएंगे।
उन्होंने बताया कि भाजपा आगरा बृज क्षेत्र कार्यालय पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य के नेतृत्व में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया एवं महानगर एवं जिले की कार्यकारिणी ने आज ही कार्यालय पर भव्य विद्युत सजावट कर पूरे कार्यालय को भगवा रंग एवं भव्य विद्युत सजावट कर सजा दिया है। 6 अप्रैल को पार्टी के हजारों पुरुष, महिला एवं युवा कार्यकर्ता जनप्रतिनिधियों के साथ 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। 10 बजे मिष्ठान वितरण, ढोल नगाड़ों पर नृत्य होगा और पार्टी के 46 साल के सफर पर विचार गोष्ठी आयोजित होगी। साथ ही महापुरुषों के संघर्ष एवं बलिदान को याद किया जाएगा। शाम को 6 बजे आकर्षक आतिशबाजी भी आयोजित की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay
