हावड़ा, 06 अप्रैल (हि.स.)। हावड़ा जिले के लिलुआ इलाके में रविवार रात दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प से इलाके में भारी तनाव फैल गया। मारपीट के दौरान एक युवक को सड़क पर तलवार लहराते हुए देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

सूत्रों के अनुसार, कुछ युवक एक दोस्त का जन्मदिन मना रहे थे और केक काट रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने कथित तौर पर उन्हें गालियां दीं, जिसके बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक युवक को तलवार लेकर सड़क पर घूमते हुए देखा गया। वीडियो में यह भी देखा गया कि जब एक महिला ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसे धमकाया गया।
घटना में कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं। लिलुआ के दागर बागान इलाके में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह विवाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच लंबे समय से चल रही रंजिश का नतीजा है। आरोप है कि डोमजुड़ विधानसभा के पूर्व विधायक कल्याण घोष के समर्थकों और वर्तमान तृणमूल उम्मीदवार तापस माइती के समर्थकों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
सूचना मिलने पर लिलुआ थाने से पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इलाके में एहतियातन पुलिस पिकेट तैनात कर दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
