भुवनेश्वर, 06 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस उन महान तपस्वियों और राष्ट्रनिष्ठ नेताओं को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने सेवा, समर्पण और सिद्धांतों के आधार पर इस संगठन को जन-आस्था का प्रतीक बनाया।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं का त्याग और परिश्रम ही भाजपा की वास्तविक शक्ति है।
प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता ‘अंत्योदय’ के मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित हैं और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
