सिरसा, 06 अप्रैल (हि.स.)। देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. चौधरी देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को सिरसा जिलेभर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इंडियन नेशलन लोकदल (इनेलो) व जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के अलावा जेसीडी विद्यापीठ व चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में भी श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।

जेसीडी विद्यापीठ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि चौ. देवीलाल ने जिस प्रकार बुजुर्गों के लिए 100 रुपए पेंशन लगाई, हरिजन चौपालों का निर्माण किया और जच्चा बच्चा जैसी कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाया, वह आज भी आदर्श है। उन्होंने कृषि क्षेत्र के मजदूरों को उनके परिश्रम के आधार पर भूमि का मालिक बनाया जो सीधे तौर पर दर्शाता है कि वे वास्तव में गरीब हितैषी थे। इस दौरान रक्तदान शिविर भी लगाया गया।
इसके अलावा जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की ओर से सिरसा के चौधरी देवीलाल सामुदायिक पार्क में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक नैना सिंह चौटाला ने कहा कि आज चौधरी देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि पर सही मायने में उन्हें श्रद्धांजलि देना तभी सार्थक माना जाएगा जब प्रत्येक व्यक्ति उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए कमेरे, किसान, शोषित वर्ग के समर्थन में उठ खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि जेजेपी आज सही मायने में उनके दिखाए पथ पर चलकर पूरे हरियाणा में सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है जो सभी के लिए प्रेरणादायी है। पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि चौ. देवीलाल ने हरियाणा की स्थापना से लेकर निरंतर प्रदेश के विकास के लिए किए गए कार्य आज भी आदर्श हैं।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस यज्ञ में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार तथा कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, गैर शिक्षक कर्मियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस से पूर्व जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
