दिनारा (रोहतास) बिहार नगर पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में होने वाले नवसृजित दिनारा नगर पंचायत हेतु आज मतदान होगा। निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि नगर पंचायत चुनाव के लिए कुल 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान कार्य के लिए कुल 90 मतदान कर्मियों को लगाया गया है जबकि 12 कर्मियों को विशेष परिस्थिति हेतु रिजर्व में रखा गया है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबन्ध किया गया है । मतदान में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने एवं अशांति फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान प्रातः सात बजे से प्रारंभ होकर संध्या पांच बजे तक चलेगा। समय से पूर्व जो मतदाता अपने मतदान केंद्र पर कतार में लग जाएंगे, उनके लिए समय बढ़ाया भी जा सकता है। ज्ञात हो कि नगर पंचायत चुनाव के लिए मुख्य पार्षद पद पर कुल 12 प्रत्याशी तथा उप मुख्य पार्षद पद पर कुल 12 प्रत्याशी के साथ कुल 11 वार्ड में पार्षद पद हेतु कुल 58 प्रत्याशी अपना अपना भाग्य आजमा रहे हैं। नगर पंचायत चुनाव में 10 579 मतदाता शामिल हैं। जिसमें 5630 पुरूष मतदाता एवं 4949 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।