कोलकाता, 06 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नदिया जिले के शांतिपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस इस बार पहले से ज्यादा सीटें जीतकर फिर सत्ता में आएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से किसी भी तरह की अफवाहों से न डरने की अपील भी की।

शांतिपुर स्टेडियम में तृणमूल उम्मीदवार ब्रजकिशोर गोस्वामी के समर्थन में आयोजित सभा में ममता बनर्जी ने कहा कि अगर वह लोगों के चेहरे और भावनाओं को सही समझती हैं तो इस बार तृणमूल कांग्रेस को अधिक जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने इसे बंगाल की अस्मिता और लोगों के भविष्य से जुड़ा चुनाव बताया।
सभा के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल योजनाबद्ध तरीके से यह प्रचार कर रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत रही है। ममता ने कहा कि मतगणना के दौरान कुछ क्षेत्रों के परिणाम पहले दिखाकर भ्रम फैलाने की कोशिश हो सकती है, इसलिए कार्यकर्ता सतर्क रहें।
उन्होंने मतदाताओं से कहा कि किसी भी तरह के दबाव से डरने की जरूरत नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना ही सबसे बड़ा प्रतिरोध है।
ममता बनर्जी ने अपने भाषण में भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह लोगों के अधिकार छीनने की राजनीति करती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या जनता ऐसी पार्टी को वोट देगी जो उनके भोजन, कपड़े और मतदान के अधिकार तक छीनने की बात करती है।
धर्म के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि बंगाल की संस्कृति सहिष्णुता और सद्भाव की रही है और किसी को धर्म का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुफ्त राशन, कन्याश्री, ऐक्यश्री और मेधाश्री जैसी योजनाएं पहले से चल रही हैं और आगे भी जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कई अस्पताल और स्कूल बनाए हैं तथा आगे और अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूल खोले जाएंगे ताकि लोगों को महंगे निजी स्कूलों पर निर्भर न रहना पड़े।
महिलाओं के लिए लक्ष्मी भंडार योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना जारी रहेगी और महिलाओं को इसका लाभ मिलता रहेगा।
ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि लोगों को आर्थिक प्रलोभन देकर उनके बैंक विवरण हासिल करने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति को बैंक की जानकारी न दें।
उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया और कहा कि राजनीतिक बदले की राजनीति लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
सभा के दौरान ममता बनर्जी ने अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि उन पर कई बार हमले हुए, लेकिन वह डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह बहादुरी से जीती हैं और बहादुरी से ही जीवन जिएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव प्रचार के कारण उन्हें लंबे समय तक घर से बाहर रहना पड़ रहा है और वह सादे भोजन पर ही दिन गुजार रही हैं।
मुख्यमंत्री ने आशंका जताई कि मतदान के दिन मतदाताओं को रोकने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और हर हाल में मतदान करने की अपील की।——————–
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
