मालदा, 06 अप्रैल (हि. स.)। ओल्ड मालदा ब्लॉक के साहापुर इलाके के पाथर माधाईपुर गांव में धान के खेत के बीच एक बिजली के खंभे से सोमवार को एक व्यक्ति का फंदे से लटकता शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान काबिल शेख (37) के रूप में हुई है। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेशे से किसान काबिल शेख और उनके चार भाइयों के नाम एसआईआर प्रक्रिया में ‘विचाराधीन’ सूची में थे। रविवार को सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी होने के बाद पता चला कि चारों भाइयों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए है। यह खबर मिलने के बाद काबिल गहरे तनाव में आ गए थे। जिसके बाद आज यह घटना सामने आई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मतदाता सूची से नाम हटने को लेकर मालदा जिले में लोगों के बीच गहरी चिंता और डर का माहौल बना हुआ है, और यह घटना उसी का नतीजा मानी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
