-शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

सिरसा, 06 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के सिरसा जिले में शादी के झांसे में ठगी करने वाली फर्जी दुल्हन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गिरोह की दो अन्य महिलाओं को भी पकड़ा गया है। यह गिरोह लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे और आभूषण ऐंठने का काम करता था।
सिरसा शहर थाना प्रभारी ने सोमवार को बताया कि गांव पंजुआना निवासी बिजली निगम में ड्राइवर के पद पर कार्यरत युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके एक साथी ड्राइवर ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया। उसने कहा कि उसकी पहचान के कुछ ऐसे लोग से हैं जो पैसे लेकर शादी करवाते हैं। पीडि़त युवक की शादी के लिए सहमति होने पर उसे दो युवकों से मिलवाया गया, जिन्होंने शादी करवाने के बदले डेढ़ लाख रुपए की मांग की और लडक़ी तथा उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया।
आरोपियों ने पीड़ित को हिसार बुलाकर एक मकान में शिवानी नाम की युवती से सगाई करवा दी। सगाई के नाम पर पीडि़त से डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने के आभूषण ले लिए गए। कुछ समय बाद भी जब शादी नहीं हुई तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिए और बताया कि लडक़ी के माता-पिता की मृत्यु हो गई है, जिससे शादी टाल दी गई। जब पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ और उसने शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने अस्थायी तौर पर बिना शादी के युवती को पीड़ित युवक के घर पर भेज दिया।
शिवानी उसके घर आकर रहने लगी, लेकिन चार दिन बाद ही रात को वह घर से नकदी और सोने के जेवरात लेकर फरार हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन मध्यप्रदेश के छतरपुर जिला निवासी फुल्लन देवी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार की गई महिला से पूछताछ के दौरान मामले में शामिल मुख्य आरोपी सरोज निवासी हिसार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार की गई महिलाओं से 30 हजार रुपए की नगदी व सोने के आभूषण बरामद कर लिए है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
