आसनसोल, 06 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। इसी कड़ी में आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और मंत्री मलय घटक के समर्थन में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए एक विशाल रैली निकाली। इस रैली ने न केवल इलाके का माहौल गर्म कर दिया, बल्कि चुनावी समीकरणों में भी नई हलचल पैदा कर दी है।

आसनसोल के विभिन्न हिस्सों से निकली इस रैली में काले कोट पहने बड़ी संख्या में वकील सड़क पर उतरे और तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। अधिवक्ताओं की इस अनोखी भागीदारी ने आम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ इस रैली को देखने के लिए उमड़ पड़ी, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
रैली के दौरान अधिवक्ताओं ने आम जनता से तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उनका कहना था कि राज्य में चल रहे विकास कार्यों की गति बनाए रखने के लिए वर्तमान सरकार का दोबारा सत्ता में आना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल सरकार ने आम लोगों के हित में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं, जिन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
इस दौरान खुद मलय घटक भी रैली में शामिल हुए। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। उनकी मौजूदगी से समर्थकों का उत्साह और बढ़ गया और रैली धीरे-धीरे एक बड़े जनसमूह में तब्दील हो गई। जगह-जगह लोग इस आयोजन को देखने के लिए इकट्ठा होते नजर आए, जिससे यह रैली स्थानीय स्तर पर एक बड़े आकर्षण का केंद्र बन गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
