बलरामपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में रेलवे यात्रियों को अप्रैल महीने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। बिलासपुर रेलवे जोन में चौथी लाइन और ट्रैक सुधार कार्य के चलते 10 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, वहीं कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें भी अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेंगी।

सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार बिलासपुर रेलवे मंडल में इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और ट्रैक सुधार कार्य के चलते रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। 16 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच 10 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिससे खासकर बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़, कोरबा और गेवरा रोड के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन जोड़ने के लिए जांजगीर-नैला स्टेशन पर प्री-नॉन/नॉन-इंटरलॉकिंग और ऑटो सिग्नलिंग का कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी काम के लिए ब्लॉक लिया गया है, जिसके कारण ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोका गया है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249 और 18252/18251) को 16 से 27 अप्रैल तक कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। इस दौरान कुछ ट्रेनें अपने गंतव्य से पहले ही समाप्त होंगी या आंशिक रूप से चलेंगी। गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर (68861) 16 से 27 अप्रैल तक बिलासपुर में ही समाप्त होगी, जबकि झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर (68862) बिलासपुर से ही शुरू होगी।
वहीं, नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन पर भी बड़े पैमाने पर ट्रैक सुधार कार्य किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर 3 की लाइन नंबर 5 को बदलने के लिए करीब 20 दिनों का ब्लॉक लिया गया है, जिससे कई लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237/18238) 5 से 27 अप्रैल के बीच पूरी तरह रद्द रहेगी। गोंडवाना एक्सप्रेस (12409/12410) और समता एक्सप्रेस (12807/12808) भी अलग-अलग तारीखों में निरस्त रहेंगी, जिससे दिल्ली, अमृतसर और विशाखापट्टनम जाने वाले यात्रियों को असुविधा हो सकती है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले एनटीईएस या हेल्पलाइन 139 के जरिए ट्रेनों की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
