
पश्चिमी सिंहभूम, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के बासाटोंटो स्थित जिला कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद संस्थापक नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके विचारों को स्मरण किया गया।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी राजनीतिक शक्ति है, जिसकी नींव त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों पर टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता का भरोसा ही भाजपा की असली ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा और नीतियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें।
पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियां आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से बनाई जाती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनसे अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें और विकास की इस यात्रा में सहभागी बनें।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गीता बलमूचु और प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिड ने संयुक्त रूप से भाजपा के इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे दिग्गज नेताओं ने राष्ट्रवाद, सुशासन और सेवा की भावना को केंद्र में रखकर इस दल की स्थापना की थी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, रंजन प्रसाद, सनी पासवान, शुरू नंदी, नितिन विश्वकर्मा, दिलीप साहू, जय किशन बिरुली, तरुण सवैया, अक्षय खत्री, पंकज खिरवाल, पिंटू प्रसाद, रूपा दास सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
