शिमला, 07 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने प्रदेश में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से सेब बागवानों को हुए भारी नुकसान को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के कई इलाकों, खासकर शिमला और आसपास के बागवानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब की फसल को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से न तो नुकसान का सर्वे किया गया है और न ही किसी राहत की घोषणा की गई है।

भाजपा प्रवक्ता ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सेब प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और हजारों परिवार अपनी रोज़ी-रोटी के लिए इस पर निर्भर हैं। ऐसे समय में जब बागवानों को तुरंत राहत की जरूरत है, सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जब किसान मुश्किल में है और उसकी फसल को नुकसान हो रहा है, तब सरकार का मौन रहना संवेदनहीनता को दर्शाता है।
संदीपनी भारद्वाज ने मांग की कि राज्य सरकार प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत विशेष सर्वे अभियान चलाकर नुकसान का सही आकलन करे, ताकि बागवानों को जल्द मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सेब की फसल इस समय फ्लावरिंग स्टेज में थी और ओलावृष्टि का सीधा असर उस पर पड़ा है, जिससे पूरे सीजन की पैदावार पर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस राहत पैकेज घोषित नहीं किया गया है और न ही बागवानों की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उनके अनुसार सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है, जबकि जमीन पर किसान नुकसान झेल रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बागवानों के साथ खड़ी है और यदि सरकार ने जल्द राहत और मुआवजे की घोषणा नहीं की, तो पार्टी इस मुद्दे को सड़कों पर उठाएगी और किसानों के हितों के लिए आवाज़ बुलंद करेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
