लखनऊ, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नाका थाना इलाके में मंगलवार को एक दुकान और गोदाम में आग लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड कर्मियों ने आग को बुझाया।

एफएसओ राम कुमार ने बताया कि नाका थाना क्षेत्र में बैंक आफ बड़ौदा के पास इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में आग लग गई। आग की चपेट में एक दुकान भी आ गई। आग का विकराल रूप देखकर स्थानीय लोगों में हड़कम्प मच गया। इस बीच सूचना पर हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशन से दो-दो गाड़ियां दमकल की मौके पर पहुंचीं। पुलिस और फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग की वजह से गोदाम में रखा पूरा इलेक्ट्रॉनिक का सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया है। गनीमत यह है कि अभी तक आग से किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। नुकसान का आकलन दुकानदार की ओर से किया जा रहा है। आग कैसे लगी इसको लेकर भी जांच चल रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
