काठमांडू, 07 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल पुलिस ने काठमांडू के गौशाला-पिंगलास्थान इलाके से मुठभेड़ के बाद दो भारतीय नागरिकों को एक किलोग्राम ब्राउन सुगर के साथ गिरफ्तार किया।

नेपाल के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीपी) के एसपी दुर्गाराज रेग्मी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात को एनसीबी और काठमांडू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपितों को गौशाला–पिंगलास्थान इलाके से गिरफ्तार किया गया। रेग्मी ने बताया कि इस कार्रवाई में वह खुद भी शामिल थे।
रेग्मी ने बताया, “गिरफ्तार किए गए दो लोगों में से एक 32 वर्षीय अनिल कुमार पासवान के पैर में गोली लगी है। वह भारत के बिहार का रहने वाला है। फिलहाल उसका इलाज काठमांडू के राष्ट्रीय ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। दूसरा व्यक्ति सुरक्षित है।”
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक किलो ब्राउन शुगर बरामद किया हैै और जिस वाहन में वे सवार थे, उसे भी अपने नियंत्रण में ले लिया है।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास
