अलीपुरद्वार, 07 अप्रैल (हि.स.)। सिलीगुड़ी में चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। शहर के दस नंबर वार्ड स्थित नवीन सेन रोड इलाके में तृणमूल कांग्रेस का पार्टी झंडा फाड़कर नाले में फेंकने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। घटना की जानकारी पाकर मंगलवार को सिलीगुड़ी से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार गौतम देव तुरंत मौके पर पहुंचे।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हार के डर से रात के अंधेरे में इस तरह की हरकतें कर रही है।
गौतम देव ने कहा कि हम इस मामले को प्रशासन के सामने उठाएंगे। भाजपा सिलीगुड़ी में अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है। लेकिन हम चाहते हैं कि चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में हो, इसलिए प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग करते है। हालांकि, भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष ने इस घटना को तृणमूल की आपसी रंजिश बताया है।
उन्होंने कहा भाजपा इस तरह की ओछी हरकत नहीं करता है। उन्होंने घटना की प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की है। इधर, घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक गर्माहट बढ़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
