धमतरी, 07 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले के कोलियारी-खरेंगा-जोरातराई मार्ग के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों और सड़क संघर्ष समिति ने कड़ी नाराजगी जताई है। समिति के संयोजक हीरेन्द साहू ने आरोप लगाया है कि पूरा निर्माण कार्य ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मनमानी से किया जा रहा है, जिसमें गुणवत्ता और मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। ग्रामीणों ने गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है। बेस को मजबूत करने के बजाय जेसीबी से नीचे की सतह को खोदकर केवल पटरी भराई की जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। निर्माण स्थल पर किसी भी जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी की निगरानी नजर नहीं आ रही, जिसके चलते कार्य पूरी तरह असंगठित और लापरवाहीपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सीमेंट, रेत और गिट्टी की मात्रा में भी भारी गड़बड़ी की जा रही है। जहां सड़क की ऊंचाई लगभग तीन फीट होनी थी, वहां यह कहीं भी मानक के अनुरूप दिखाई नहीं दे रही। सड़क का निर्माण भी समतल न होकर ऊंच-नीच (अपर-डिपर) रूप में किया जा रहा है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। हीरेन्द साहू ने बताया कि देवपुर के पास निर्मित सीमेंट कांक्रीट सड़क अभी से उखड़ने लगी है, जो निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
वहीं सेलदीप-जोरातराई के पास सड़क के दोनों किनारों को खोदकर लगभग एक साल से अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण सुबेलाल साहू, जगत राम साहू, कोमल साहू और जयकुमार साहू ने बताया कि पहले घटिया मुरूम मिट्टी का उपयोग किया गया और अब नदी में गहरे गड्ढे खोदकर अवैध रूप से मुरूम निकाला जा रहा है। साथ ही नदी से अवैध रेत निकालकर सड़क और पुल-पुलिया निर्माण में उपयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार और लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
