मंडी, 07 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षे9 के दूरदराज के गांव कांढीतारापुर में एक घर से चोरों ने लाखों के गहनें व नकदी की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बल्ह विस क्षेत्र की भडयाल पंचायत के गांव कांढीतारापुर में पूर्व वार्ड पंच के घर से लाखों के गहने व नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गहनों की कीमत लगभग छह-सात लाख बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कांढीतारापुर गांव में चोरों ने दिन दिहाड़े चोरी को अंजाम देते हुए एक घर में गहने व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूर्व वार्ड पंच सपना सोमवार को हर रोज की तरह अपने काम से घर से बाहर गई हुई थी। इस दौरान घर में उनकी एक बेटी मौजूद थी। दोपहर के समय उनकी बेटी पास के घर में खेलने के लिए चली गई। इस दौरान चोरों ने घर में दस्तक देकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोरों ने पहले घर के मुख्य दरवाजे के ताले को तोड़ा और फिर कमरे में रखी अलमीरा को किसी नुकीली वस्तु से तोड़ कर उसमें रखे सोने चांदी के गहनें व दस हजार रूपए की नकदी पर हाथ साफ कर लिया।
गहनों में महिला की बेटी के सोने का सैट जिसमें गले का हार, कांटे, मंगलसूत्र आदि शामिल थे। इस वारदात का पता उक्त वार्ड पंच सपना को शाम घर पहुंचने पर चला जब उसने कमरे में रखी अलमीरा को टूटा हुआ पाया तो उसके होश उड़ गए। उसने इस वारदात की सूचना पुलिस चौकी गागल को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का जायजा लेकर बयान दर्ज करवाए।
सपना ने बताया कि अलमीरा में रखा सारा सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था। अलमीरा के लॉकर में रखे छह-सात लाख के गहनें व दस हजार की नगदी भी गायब थी। उसने यह गहनें बड़ी मुश्किल से दिन रात मेहनत कर खरीदे थे। जिन्हें चोरों ने चुरा लिया है। गौर रहे कि पीडि़त सपना के पति गत वर्ष बीमारी के चलते स्वर्ग सिधार गए हैं। अब परिवार के पालन पोषण का सारा जिम्मा अब सपना पर आ गया है। जिसके चलते वह काम के सिलसिले में निचले इलाके बल्ह में जाती है और शाम को ही घर पहुंच पाती है।
उधर स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि उक्त महिला गरीब परिवार से है। उसे उचित मुआवजा प्रदान किया जाए और चोरों को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। पुलिस चौकी प्रभारी गागल एएसआई राजेश ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
