पटना, 07 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को फिर से सोनार बंगाल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपना समर्थन दें। भाजपा यहां से घुसपैठिए को भगाने, लोकतंत्र स्थापित करने और बंगाली अस्मिता को फिर से स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिस तरह आजादी की लड़ाई में पश्चिम बंगाल का सबसे बड़ा योगदान था, उसी तरह अब घुसपैठियों की हिमायती, हिंदू विरोधी और अराजक ममता सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए बंगाली समाज तैयार है।

सम्राट चौधरी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होने मंगलवार को हावड़ा पहुंचे। यहां एमजी रोड स्थित एचएमसी कार्यालय के पास आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में घुसपैठ समाप्त करना है, सुशासन स्थापित करना है और संदेशखाली जैसी घटनाएं रोकनी हैं तो भाजपा को जिताना होगा।
सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाहरी भीतरी को राजनीतिक हथकंडा बताते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल का मुख्यमंत्री कोई बाहरी नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल का बेटा या बेटी ही बनेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में 26 हजार नौकरियों में लूट हुई। युवाओं का हक छीना गया। जिन 8 हजार स्कूलों में बंगाली बच्चे पढ़ते थे, उन्हें बंद किया गया, जबकि मदरसों को बंद नहीं किया गया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस तरह बिहार में पिछले पांच वर्षों में 50 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया गया, उसी तरह पश्चिम बंगाल में भी बड़े स्तर पर रोजगार सृजन किया जाएगा। पश्चिम बंगाल के लोगों को भी आय़ुष्मान कार्ड का लाभ मिलेगा। यहां सातवां वेतनमान लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है और राज्य में अराजकता का माहौल है। बंगाल में हिंदुओं के साथ जुल्म हो रहा है और गुंडागर्दी बढ़ी है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ममता दीदी ने वोट बैंक को मजबूत करने के लिए बांग्लादेशियों को बुला रही है, घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। एसआईआर का विरोध कर रही हैं। घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं, जिस तरह बिहार से घुसपैठियों को मतदाता सूची से हटाया गया, उसी तरह पश्चिम बंगाल से बांग्लादेशियों को भगाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का चुनाव सिर्फ राज्य का नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि एक समय कोलकाता में पूरे देश से लोग नौकरी करने आते थे, लेकिन आज यहां से पलायन हो रहा है। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई तेजी से आगे बढ़ गए, जबकि कोलकाता पीछे रह गया।
चौधरी ने जनता से अपील की अगर पश्चिम बंगाल से घुसपैठिए को समाप्त करना है,यहां सुशासन स्थापित करना है, आप चाहते हैं कि संदेशखाली जैसी घटना फिर कभी नहीं घटे। हमारी मां-बहन की तरफ कोई गंदी नजरों से नहीं देख सके, तो भाजपा को जिताने का काम करें। उन्होंने कहा कि सोनार बांगला बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिताना होगा।
————
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी
