बाराबंकी 08 अप्रैल (हिसं)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का 93 वर्ष की आयु में दिल्ली में निधन हो गया।उनके निधन की खबर से यूपी के बाराबंकी सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक जीवन में लंबे समय तक सक्रिय रहीं मोहसिना किदवई ने केंद्र और राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली और कांग्रेस पार्टी की कद्दावर नेता के रूप में अपनी पहचान भी बनाई। उनके निधन पर कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं समेत परिवार और प्रशंसकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। नोएडा के सेक्टर 40 स्थित आवास से मोहसिना किदवई की अंतिम यात्रा दोपहर 3 बजे निकलेगी। दिल्ली के निजामुद्दीन कब्रिस्तान में शाम पांच बजे उनको सुपुर्दे खाक किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं। *इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान किदवई ने स्वास्थ्य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे मंत्रालयों में कामकिया।

1 जनवरी, 1932 को बाराबंकी के मसौली में जन्मीं मोहसिना किदवई दो बार छत्तीसगढ़़ से राज्यसभा सदस्य भी चुनी गईं। वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2004 से 2010 और 2010 से 2016 तक राज्यसभा की सदस्य रहीं।
गांधी परिवार की करीबी रहीं मोहसिना किदवई केंद्र सरकार में मंत्री के अलावा हज कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं। उन्होंने कांग्रेस महासचिव के रूप में भी काम किया। वह कांग्रेस कार्य समिति और कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य भी रहीं। वह लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहीं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
