

-कई जिलों में आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी

देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में बुधवार सुबह से ही मौसम ने करवट ली है। बदरीनाथ, केदारनाथ सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसका प्रभाव मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है, जहां ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।
देहरादून सहित राज्य के कई इलाकों में बुधवार सुबह से जारी बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया है और अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी वर्षा का व्यापक असर देखने को मिला है। उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री, यमुनोत्री सहित सभी तहसील क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो रही है, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। हर्षिल घाटी में भी बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। चमोली जिले स्थित बदरीनाथ, चंपावत, नई टिहरी और मसूरी,नैनीताल में भी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ, अल्मोड़ा,बागेश्वर,हरिद्वार, उधम सिंह नगर जनपद में भी सुबह से हो रही बारिश के कारण मौसम में ठंडक लौट आई है। लगातार वर्षा से जहां एक ओर जंगलों में लगी आग पर काबू पाने में मदद मिली है, वहीं दूसरी ओर काश्तकारों को रबी की फसलों को नुकसान होने से मायूसी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।
देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है, जबकि इसके बाद 3 से 4 दिनों में तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
