रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक आए आंधी-तूफान में पेड़ गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार की मौत हो गई। इस घटना से सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ गई है।

अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बल इस क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। मंगलवार देर रात अभियान के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान बाबू डेरा कैंप के पास तेज हवा के चलते एक विशाल पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से जवान राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद साथी जवानों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। हालत नाजुक होने पर बुधवार तड़के हेलीकॉप्टर के जरिए रांची एयरलिफ्ट किया गया। लेकिन रांची के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण अभियान में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।
राकेश कुमार के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बिहार के औरंगाबाद भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।————-
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
