उत्तर 24 परगना, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बशीरहाट उपमंडल के मिनाखां थाना क्षेत्र में स्थित बसंती हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम दस अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना मिनाखां ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने हुई। जानकारी के मुताबिक एक ऑटो-रिक्शा कई यात्रियों को लेकर मालंचा से कोलकाता की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोलकाता से लौट रही एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे ऑटो से टकरा गई। आमने-सामने की इस टक्कर में ऑटो सड़क किनारे जा पलटा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मिनाखां थाना पुलिस तथा क्षेत्र में तैनात केंद्रीय बलों के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले मिनाखां ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
