कोलकाता, 08 अप्रैल (हि. स.)। कोलकाता की रियल एस्टेट कंपनी मर्लिन ग्रुप और उसके प्रमोटरों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन जांच के सिलसिले में बुधवार को छापेमारी की।

अधिकारियों के अनुसार, कंपनी और उसके प्रमोटर सुशील मोहता तथा साकेत मोहता से जुड़े लगभग सात ठिकानों पर धन शोधन निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत तलाशी अभियान चलाया गया। वहीं, इस कार्रवाई काे लेकर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी और उसके प्रमोटर कथित तौर पर जाली दस्तावेजों के माध्यम से स्वामित्व की फर्जी श्रृंखला तैयार करने और जमीन कब्जाने के आरोपों के दायरे में हैं।
ईडी का आरोप है कि आरोपितों ने कथित रूप से कब्जाई गई जमीन का व्यावसायिक उपयोग करते हुए बड़े स्तर पर रियल एस्टेट परियोजनाएं शुरू कीं। साथ ही जाली दस्तावेजों के आधार पर खुद को वैध मालिक बताकर लोगों को अपनी परियोजनाओं में बड़ी राशि निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान प्रस्तावित है। ———————
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
