बिल जमा करने के बाद भी आपूर्ति बहाल न होने से उपभोक्ताओं में भारी गुस्सा

हाथरस, 08 अप्रैल (हि.स.)। सादाबाद कस्बे के कृष्णा नगर इलाके में विद्युत विभाग की अचानक कार्रवाई से करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिना पूर्व सूचना बिजली काटे जाने और 20 घंटे बाद भी सप्लाई बहाल न होने से बुधवार काे क्षेत्र के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी घरों की महिलाओं को हुई, जिन्हें बिजली के साथ-साथ पानी के संकट का भी सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार कृष्णा नगर, मुरसान मार्ग में विद्युत विभाग की टीम ने बकाया बिल के नाम पर अचानक कई घरों की बिजली काट दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से पहले कोई सूचना या नोटिस नहीं दिया गया, जिससे लोग हैरान रह गए। जब उपभोक्ताओं ने विभाग से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि बिजली बिल जमा न होने के कारण कनेक्शन काटे गए हैं। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने तत्काल बिल जमा करना शुरू किया। महिलाओं ने बताया कि करीब 70 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन माध्यम से अपना बकाया बिल जमा भी कर दिया, लेकिन इसके बावजूद 20 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू नहीं की गई। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बिजली न होने के कारण घरों में अंधेरा छा गया, वहीं मोटर और सबमर्सिबल बंद होने से पानी की आपूर्ति भी ठप पड़ गई। लगातार बढ़ती परेशानी से नाराज महिलाएं समूह बनाकर हाथों में डंडे लेकर स्थानीय बिजलीघर पहुंच गईं। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, जैसे ही महिलाओं का समूह बिजलीघर पहुंचा, वहां मौजूद विद्युत अधिकारी और कर्मचारी मौके से खिसक गए। दफ्तर में कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी नहीं मिला। इससे उनका गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने बिजलीघर परिसर में काफी देर तक नारेबाजी और हंगामा किया। उन्होंने कुछ कमरों में ताला लगाने की कोशिश की, विद्युत बिल जमा करने आई उपभोक्ताओं को भगाया और खिड़की का शीशा तोड़ दिया। जेई अजय कुमार ने बताया कि महिलाओं द्वारा कनेक्शन नंबर नहीं बताए गए, जिससे यह मालूम नहीं हो सका कि किसकी बिजली काटी गई है। फिलहाल पूरे मामले की जानकारी से उच्चाधिकारियाें काे अवगत करा दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
