
नासरीगंज (रोहतास) देश के वरिष्ठ समाजवादी पार्टी के प्रखर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का निधन हो गया है। गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में गुरूवार की शाम को शरद यादव ने आख़िरी साँस ली। शरद यादव के निधन पर प्रखण्ड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पार्टी तथा विपक्ष पार्टी के सभी नेता शरद यादव की मृत्य से अत्यंत दुखी हैं। जदयू के प्रखण्ड अध्यक्ष डॉ०अमरेंद्र कुमार ने शरद यादव के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी का निधन दु:खद है। शरद यादव के निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हूं। आगे उन्होंने कहा कि वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। इसको लेकर अन्य कई लोगों ने शोक प्रकट किया है। शोक व्यक्त करने वालों में जदयू प्रखण्ड अध्यक्ष डॉ०अमरेंद्र कुमार, प्रदेश महासचिव बबन सिंह कुशवाहा, अखिलेश सिंह, अजहरुल हक उर्फ चुन्ने खां, शैलेन्द्र कुमार सिंह, मनोज गुप्ता, अमित कुमार वर्मा, भाई रिजवान फिरदौस, नैमुदिन ईदरिशी, शाहिन अख्तर, प्रिंस मौर्या, रिंटू तिवारी, विशाल कुशवाहा, लुकेश्वर कुमार प्रिय, विशाल गुप्ता, रवि कुमार गांधी, संजर खान, गुड्डू उपाध्याय, उपेंद्र चंद्रवंशी, रामजी चौधरी, महेश चंद्रवंशी, रहमत हुसैन, रंजू देवी समेत कई लोग शामिल हैं।
दो पियक्कड़ गिरफ्तार
नासरीगंज (रोहतास) कछवा थाना क्षेत्र के दनवार से कछवा मुख मार्ग स्थानीय पुलिस ने दो पियक्कड़ को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार पियक्कडो में लेवा गांव का विकास कुमार व दनवार गांव का विशाल कुमार शामिल है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लेवा व दनवार गांव से दो पियक्कड़ को शराब पीकर हल्ला और शोरगुल मचाते हुए गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार दोनो पियक्कड़ों की मेडिकल जांच कराने के बाद शराब पीने की पुष्टि होते ही जेल भेज दिया गया है।
चोरी की बाइक के साथ चोर गिरफ्तार
दिनारा (रोहतास) प्रखंड के नटवार पुलिस ने शुक्रवार को चोरी की बाइक के साथ चोर को गिरफ्तार किया है।थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र के जगदीशपुर प्राथमिक विद्यालय पर से गत बुधवार को चोरी हुई शिक्षक की बाइक को भलुनी धाम मोड़ से बरामद करते हुए मौके से अभियुक्त माधोपुर गांव निवासी भरत सिंह के पुत्र रीति कुमार को गिरफ्तार कर लिया। ज्ञात हो कि प्राथमिक विद्यालय सेमरा के शिक्षक कामेश्वर सिंह बुधवार को किसी कार्यवश प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर गए थे।जहां से उनकी बाइक चोरी हो गई। जिसको लेकर शिक्षक द्वारा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया है।
देशी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
दिनारा (रोहतास) स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत भानस ओपी पुलिस ने गुरुवार की शाम क्षेत्र के कनियारी गांव से देशी शराब के साथ धंधेबाज को गिरफ्तार किया। प्रभारी ओपीध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र के कनियारी गांव के मुसहर टोली में अजय कुमार मुसहर के घर के बगल खेत मे छिपाकर रखा गया लगभग 28 लीटर देशी शराब बरामद किया। साथ ही पुलिस ने मौके से धंधेबाज अजय मुसहर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उक्त धंधेबाज को न्यायालय भेज दिया है।