बरेली, 08 अप्रैल (हि.स.) । ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार वर्मा ने किया। ब्लॉक का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण रैली को दो हिस्सों में विभाजित किया गया।

रैली का पहला भाग सरदारनगर, आलमपुर, नौगंवा ठाकुरान, बल्लिया और कुसारी क्षेत्र के शिक्षकों द्वारा निकाला गया, जिसका नेतृत्व विभिन्न एआरपी ने किया। वहीं दूसरा भाग न्याय पंचायत सिहुलिया के पीएम श्री टांडा विद्यालय से शुरू होकर उरला, बिलौरी और कुड्डा होते हुए ब्लॉक सभागार पहुंचा। इस हिस्से का नेतृत्व स्वयं खंड शिक्षा अधिकारी ने किया।
आंवला चौराहे पर उप जिलाधिकारी विदुषी सिंह, ब्लॉक प्रमुख आरती यादव और वेदप्रकाश यादव ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रास्ते में उच्च प्राथमिक विद्यालय पथरा, प्राथमिक विद्यालय मोतीपुरा और प्राथमिक विद्यालय कुड्डा में ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने रैली का स्वागत किया।
रैली में ब्लॉक के जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बच्चों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक सभागार में इस सत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौजूद अतिथियों ने बच्चों को नियमित विद्यालय आने और शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
