शिमला, 09 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पुलिस ने यात्रियों को लेकर जा रही लग्ज़री वॉल्वो बस के चालक और परिचालक पर चाकुओं से हमला करने और पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने के आरोप में पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मामूली ओवरटेक विवाद के बाद थार गाड़ी में सवार युवकों ने बस कर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया और हवाई फायर कर इलाके में डर का माहौल बना दिया।

यह घटना बीती देर रात कांगड़ा जिले के थुरल क्षेत्र के बैरघट्टा के पास सामने आई। पुलिस के अनुसार बिना नंबर की काले रंग की थार गाड़ी में सवार तीन युवकों ने कांगड़ा के बीड से दिल्ली जा रही एक लग्जरी बस को रास्ते में रोककर हमला किया।
मामले के अनुसार वॉल्वो बस और थार गाड़ी के बीच रास्ते में ओवरटेक को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद ने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि थार में सवार युवकों ने बस चालक सुंदर सिंह (27) निवासी मंडी, दूसरे चालक विजय कुमार (38) निवासी मंडी और बस परिचालक प्रवेश कुमार (35) निवासी कांगड़ा पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान आरोपियों ने पिस्टल लहराकर लोगों को डराने की कोशिश की और हवाई फायर भी किया। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थुरल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भवारना थाना और चौकी थुरल की पुलिस टीम ने इलाके में नाकेबंदी की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने थार गाड़ी में सवार तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह और अलीश निवासी पठानकोट तथा निशान पाल निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और पिस्टल भी बरामद कर ली है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि घायलों का उपचार जारी है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में हाल के समय में इस तरह की घटनाओं के कुछ और मामले भी सामने आए हैं। इससे पहले मंडी और कुल्लू जिलों में भी वाहन पास को लेकर विवाद के बाद मारपीट की घटनाएं सामने आई थीं। इसी तरह कुछ दिन पहले शिमला जिला के ठियोग उपमंडल में कार सवार पंजाब के दो युवकों ने वाहन पास को लेकर स्थानीय लोगों से मारपीट की थी और नकली पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश की थी। हालांकि उस मामले में पुलिस ने तुरंत नाका लगाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
