धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले के खेल परिदृश्य में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर मंच देने और नई खेल विधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 12 अप्रैल से किया जाएगा। यह प्रतियोगिता वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गंगरेल में आयोजित होगी। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि यह प्रतियोगिता ओपन कैटेगरी में आयोजित की जा रही है, जिसमें आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं है। प्रतियोगिता पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में होगी, जिससे जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विशेष बात यह है कि जिले में पहली बार बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इससे न केवल खिलाड़ियों को नए खेल का अनुभव मिलेगा, बल्कि उनके कौशल विकास और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें नई दिशा प्रदान करना है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 11 अप्रैल तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कुरूद, मगरलोड, नगरी अथवा जिला खेल कार्यालय धमतरी में संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए सहायक खेल अधिकारी से भी संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने जिले के सभी युवाओं से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजन से खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
